
ब्यूरो रिपोर्ट सोनभद्र।
सोनभद्र। जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मड़ैया कुरलीहवा गांव के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनो शवों को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है तथा आसपास के थानों और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और ट्रेलर की टक्कर बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। पिपरी थाना पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान कराने के साथ ही दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। ट्रेलर और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।