
पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को दुद्धी सीएचसी भेजा।
जितेन्द्र अग्रहरी
विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव के पास गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी जिसमें सवार पति-पत्नी और भाभी तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हाइवा चालक मौके से फरार हो गया।
अल्ट्रासाउंड कराने जा रहे थे तीनों, बीच रास्ते में हुआ हादसा
घायलों की पहचान मेदनिखाड़ गांव निवासी शशि पटेल (36) पुत्र राधेश्याम, उनकी पत्नी निक्की देवी (25) और भाभी प्रियंका देवी (27) पत्नी सिद्धार्थ के रूप में हुई है। तीनों लोग बाइक से दुद्धी जा रहे थे, जहां निक्की देवी का एक निजी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड होना था। जैसे ही वे महुली गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार एक हाइवा ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर तड़प रहे घायलों की मौजूद लोगों ने की मदद
हाइवा की टक्कर से बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही विंढमगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से दुद्धी सीएचसी पहुंचाया।
डॉक्टरों ने हालत नाजुक बताई, जिला अस्पताल किया रेफर
दुद्धी सीएचसी में डॉ. विनोद सिंह और डॉ. राजेश सिंह ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के चलते तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में बिलखती रही मां
हादसे की सूचना मिलते ही शशि पटेल की मां भी अस्पताल पहुंचीं। बेटे और बहू को लहूलुहान हालत में देखकर वह फूट-फूटकर रोने लगीं। मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना को लेकर अस्पताल में भीड़ जुट गई।
हाइवा चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत फरार हो गया है।पुलिस ने उस वाहन तलाश शुरू कर दी है। इधर,ग्रामीणों ने बेकाबू वाहनों पर लगाम कसने और महुली मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

