![](https://vindhyajyoti.com/wp-content/uploads/2025/01/img-20250129-wa00202169820671882528063-300x169.jpg)
विंध्य ज्योति संवाददाता। जितेन्द्र अग्रहरी।
दुद्धी के विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां आग तापते समय एक विधवा महिला के कपड़ों में अचानक आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना की जानकारी के अनुसार, महुली गांव की रहने वाली 35 वर्षीय संगीता देवी, जो स्वर्गीय अशोक पनिका की पत्नी हैं, सुबह के समय अपने घर के आंगन में आग ताप रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके कपड़ों ने आग पकड़ ली। महिला को जब तक स्थिति की गंभीरता का अहसास होता, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और वह बुरी तरह झुलस गई थीं।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग को बुझाया और एम्बुलेंस को सूचित किया। घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।