Last Updated:
Khelo Khargone Competition: ‘खेलो खरगोन’ स्पर्धा का आयोजन जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है. प्रतियोगिता के लिए जिला प्रशासन और खेल विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. इसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे.
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में आगामी नवंबर माह में ‘खेलो खरगोन’ स्पर्धा आयोजित की जाएगी. ‘खेलेगा खरगोन, बढ़ेगा खरगोन’ की थीम पर होने वाले इस आयोजन में युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. जिला प्रशासन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनकी ऊर्जा को सही दिशा देना है.
जिला खेल अधिकारी पवी दुबे ने लोकल 18 को बताया कि इस प्रतियोगिता में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को इसमें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा. प्रतियोगिता के लिए जिला प्रशासन और खेल विभाग तैयारियों में जुटे हैं.
खेलो खरगोन स्पर्धा का आयोजन ब्लॉक और जिला स्तर पर किया जाएगा. पहले चरण में नवंबर में विकासखंड स्तर पर मुकाबले होंगे. यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google
प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, शॉटपुट यानी गोला फेंक, लंबी कूद और डिस्कस थ्रो यानी चक्का फेंक को शामिल किया गया है. इन स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी गति, ताकत और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे.
प्रतियोगिता में पहले से अभ्यास कर रहे एथलीटों के साथ नए खिलाड़ियों को भी भाग लेने का अवसर मिलेगा. ग्रामीण क्षेत्रों की ऐसी प्रतिभाओं को सामने लाने पर जोर रहेगा, जिन्हें अब तक बड़े मंच पर खेलने का मौका नहीं मिला है. खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से पहचान बना सकेंगे. राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए भी इस तरह के आयोजन शुरुआती मंच बन सकते हैं.
पवी दुबे ने बताया कि ‘खेलो खरगोन’ में खिलाड़ियों के लिए करीब दो लाख रुपये के नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 10 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर आने वाले को पांच हजार रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को तीन हजार रुपये दिए जाएंगे.
जिला खेल अधिकारी पवी दुबे ने यह भी बताया कि ब्लॉक स्तर से जिला स्तर तक प्रतियोगिताओं के सफल संचालन की तैयारी बड़े स्तर पर की जा रही है. इस साल युवाओं की भागीदारी और आयोजन को मिलने वाले प्रतिसाद के आधार पर आगामी वर्षों में इसका दायरा बढ़ाया जा सकता है. प्रतियोगिताओं की तारीख, स्थान और पंजीयन संबंधी विस्तृत जानकारी आगे जारी की जाएगी.


