उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भारी बारिश हुई है।
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी और मध्य हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य में पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भारी बारिश हुई है। सरगुजा के पोंडी बचरा में सर्वाधिक 14 सेंमी (140 मिमी), कुसमी में आठ सेंमी और दौरा कोचली में छह सेंमी बारिश दर्ज की गई। राजपुर, बिलासपुर, सूरजपुर और रामचंद्रपुर में पांच-पांच सेंमी तथा जनकपुर भरतपुर, रामानुजगंज, बिहारपुर और प्रेमनगर में चार-चार सेंमी बारिश हुई।
भारी बारिश के कारण बलरामपुर जिले में सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। कोरिया में बच्चों को समय से पहले स्कूलों से घर भेज दिया गया। अंबिकापुर के रिहायशी इलाकों में ड्रेनेज चोक होने से पानी घरों और दुकानों में घुस गया। एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ की वीआईपी कॉलोनी में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया।
भरतपुर क्षेत्र में मिट्टी के कटाव से मनेन्द्रगढ़-जनकपुर मुख्य मार्ग पर विशाल पीपल का पेड़ गिरने के बाद दोनों ओर से आवाजाही रोक दी गई। पीडब्ल्यूडी, वन और राजस्व विभाग की टीम इसे हटाने में जुटी रही।
कहां कितनी हुई बारिश
बिलासपुर में बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 46 मिमी और शाम तक 5.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दुर्ग-भिलाई में बीते 27 अगस्त से दो सितंबर के दौरान कुल 2.77 इंच (70.4 मिमी) बारिश हुई, जिसमें सर्वाधिक 29.4 मिमी बारिश 30 अगस्त को दर्ज की गई। बस्तर संभाग में दो से छह सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। लगातार बारिश के बीच गंगरेल बांध के दो गेट खोलकर चार हजार क्यूसेक से अधिक पानी रुद्री बैराज में छोड़ा गया है। प्रशासन ने आसपास के गांवों को सतर्क किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से केवल दो प्रतिशत कम है। अगले दो दिनों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम तथा एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का अनुमान जताया है। राज्य में दो सितंबर को राजनांदगांव में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रारोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है तथा अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



