जेएसएससी सीजीएल में कथित अनियमितता मामले में सीआईडी की एसआईटी ने अफसर बन चुके चार सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी को सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया।
जेएसएससी सीजीएल में कथित अनियमितता मामले में सीआईडी की एसआईटी ने अफसर बन चुके चार सफल अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी को सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया। जिन अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी हुई है, उसमें धनबाद निवासी दीपक कुमार, बीसीसीएल कॉलोनी दुग्धा निवासी उमेश कुमार राय, धनबाद के ही राजगंज निवासी विजय कुमार तिवारी और धनबाद सुदामाडीह निवासी आनंद कुमार सिंह शामिल हैं। सभी को 30 दिसंबर 2025 को नियुक्ति पत्र मिला था। इसके बाद बतौर एएसओ वे अलग-अलग विभागों में तैनात थे।
सीआईडी को जानकारी मिली है कि चारों सफल अभ्यर्थी बेवल के लिए काम करने वाले मिथिलेश सिंह के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। उन्होंने गलत तरीके से परीक्षा पास की थी, साथ ही खुद एजेंट की भूमिका निभाते हुए, कई अन्य अभ्यर्थियों का संपर्क भी पेपर लीक कराने वाले नेटवर्क से कराया था। पूर्व में गिरफ्तार अभय तिवारी ने खुलासा किया था कि उसे व अन्य कई लोगों को बोकारो में राजेश सिंह के आवास पर ले जाया गया था, वहां उसे व अन्य अभ्यर्थियों को प्रश्नोत्तर रटवाए गए थे। इस दौरान मिथिलेश सिंह भी मौके पर मौजूद था। सीआईडी की टीम मिथिलेश सिंह की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। दिल्ली, यूपी समेत कई शहरों में उसकी तलाश हो रही है।
अभय, अक्षय और अभय की पत्नी भी हुए थे बहाल
मिथिलेश के नेटवर्क के ही जरिए अभय तिवारी, उसके भाई अक्षय तिवारी और पत्नी सुषमा कुमारी भी सीजीएल में बहाल हुए थे। बता दें कि सीआईडी एसआईटी को पूछताछ में अभय तिवारी ने टीडीपीएल से जुड़े मिथिलेश सिंह, उमाशंकर प्रमाणिक की मिलीभगत से सीजीएल के पेपर उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की थी।
बेवल को सीजीएल परीक्षा संचालन का मिला था जिम्मा
सीजीएल परीक्षा के संचालन का काम कोलकाता की कंपनी बेवल को मिला था। बेवल स्थानीय प्रतिनिधि के तौर पर सोमांश प्रकाश ही कामकाज देखता था। सोमांश मां चामुंडेश्वरी नामक कंपनी चलाता है। सीजीएल परीक्षा में बेवल एजेंसी की भूमिका की जांच के क्रम में सामने आया था कि कंपनी ने अपना काम मां चामुंडेश्वरी को सबलेट कर दिया था। इसके बाद परीक्षा के आयोजन में सोमांश प्रकाश की अहम भूमिका रही थी।
सोमांश और राहुल पांच दिनों की रिमांड पर
दिल्ली से गुरुवार को गिरफ्तार किए गए सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को सीआईडी की एसआईटी ने पांच दिनों की रिमांड पर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सोमांश प्रकाश ने भी सीजीएल परीक्षा में अनियमितता की बात कबूली है। सोमांश दिल्ली के बुरारी के संत नगर के पर्वतीय अंचल का रहने वाला है। जबकि उसका सहयोगी राहुल उसी का रूममेट रहा है।



