मुजफ्फरपुर के स्वर्ण कारोबारी विशाल कुमार की वैशाली के जनदाहा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने लूटपाट के दौरान उन्हें तीन गोलियां मार दी।
बिहार के वैशाली में गुरुवार की देर शाम एक स्वर्ण व्यवसायी की हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उसे तीन गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। लूटपाट के दौरान इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना जनदाहा प्रखंड के तीसीऔता थाना अंतर्गत स्थिति राजा चिमनी के पास की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया। आगे की छानबीन की जा रही है। रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर हत्या की वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय विशाल कुमार सोनी के रूप में की गयी है। वे मूल रूप से मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे।
एसपी शुभांक मिश्रा ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ इलाके में नाकाबंदी कर छापेमारी करने का निर्देश दिया। बदमाशों के भागने की दिशा में पुलिस छानबीन कर रही है। एसपी ने कहा है कि जल्द ही हत्या को अंजाम देने वालो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों से हत्या की वजह को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार की देर शाम ज्वेलरी कारोबारी विजय साह के पुत्र विशाल कुमार सोनी दुकान बंद करके अपने आवास पर लौट रहे थे। उनका डेरा जनदाहा के सुरेश चौक स्थित कामेश्वर साह के मकान में है जहां परिवार के साथ किराए पर रहते थे। रास्ते में बंदी चौक और सुरेश चौक के बीच एक सुनसान स्थान पर बाइक सवार बदमाशों ने विशाल को घेर लिया और लूट पाट करने लगे। इसी दौरान विशाल को तीन गोलियां मार दी गई। लूटा गया सामान लेकर बदमाश फरार हो गए।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। डायल 112 को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस टीम ने घायल विशाल को जनदाहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुचाया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर जनदाहा थानाध्यक्ष अनामिका कुमारी और तीसीऔता थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलने पर विशाल के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
रक्षा बंधन की पूर्व संध्या पर हुई इस हत्या की वारदात से इलाके के लोग काफी सहमे हुए हैं। विशाल के परिवार में मातम छा गया है। उसके हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है। इस कांड से स्वर्ण कारोबारियों में भी काफी नाराजगी है। वे अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। कहा जा रहा है कि पूरे बिहार में आभूषण कारोबारी अपराधियों के निशाने पर हैं।



