वृंदावन के इस्कॉन मंदिर के बाहर नगर निगम द्वारा लगाए गए कूलर में करंट उतरने से मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी एक श्रद्धालु की मौत हो गई। दर्शन के लिए जाते समय वह करंट की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है

मथुरा के वृंदावन के रमणरेती मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु की कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का रहने वाला था और वृंदावन में ठाकुरजी के दर्शन करने आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक मंदिर के बाहर जूते-चप्पल उतारकर मुख्य द्वार की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान वहां रखे एक कूलर के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
नगर निगम के खिलाफ लोगों की नाराजगी
स्थानीय लोगों और मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत युवक को बचाने का प्रयास किया तथा सूचना पुलिस को दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि यह कूलर नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाया गया था। शुरुआती जांच में कूलर में करंट उतरना बताया जा रहा है। हादसे के बाद लोगों में नगर निगम और संबंधित विभागों की लापरवाही को लेकर नाराजगी देखी गई।
कूलर और बिजली कनेक्शन की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कूलर और बिजली कनेक्शन की जांच कराई जा रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। श्रद्धालु की मौत के बाद मंदिर क्षेत्र में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाने वाले बिजली उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बेटे को बचाने दौड़ पड़े पिता
बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के छतरपुर के रहने वाले अनिल गुप्ता अपने 21 साल के बेटे अभिज्ञान गुप्ता के साथ वृंदावन दर्शन करने आए थे। दोपहर करीब 12 बजे पिता-पुत्र यहां के इस्कॉन मंदिर पर दर्शन करने पहुंचे। मंदिर के मुख्य गेट के पास लगे वाटर स्प्रे कूलर के नीचे अभिज्ञान चप्पल उतार रहा था। इसी दौरान कूलर में करंट आ गया और वह उससे चिपक गया। बेटे को करंट लगते देख पिता अनिल उसे बचाने दौड़े। अनिल गुप्ता को भी करंट का झटका लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह पिता-पुत्र को कूलर से अलग किया और हादसे की सूचना पुलिस को दी।




