Last Updated:
थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ के मेकर्स ने मद्रास हाईकोर्ट से सेंसर बोर्ड के खिलाफ दायर याचिका वापस लेने का फैसला किया है. केवीएन प्रोडक्शंस अब कानूनी लड़ाई के बजाय फिल्म को सेंसर बोर्ड की रिवाइजिंग कमेटी के सामने पेश करेगा, ताकि रिलीज में हो रही देरी को खत्म किया जा सके. इससे पहले, हाईकोर्ट ने फिल्म को यू/ए (U/A) सर्टिफिकेट देने का निर्देश दिया था, लेकिन प्रोसेस पुरा नहीं हो पाया. अब मामला आपसी सहमति से सुलझने की उम्मीद है. थलापति विजय के फैंस विवाद के खत्म होने और फिल्म की नई रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

‘जन नायकन’ विवाद में आया नया मोड़.
नई दिल्ली: साउथ इंडियन सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर चल रहा कानूनी विवाद अब एक नया मोड़ ले चुका है. फिल्म के निर्माता केवीएन प्रोडक्शंस ने मद्रास हाईकोर्ट में सेंसर बोर्ड (CBFC) के खिलाफ दायर अपनी याचिका को वापस लेने का औपचारिक फैसला किया है. निर्माता के वकील ने सोमवार को कोर्ट रजिस्ट्री में एक पत्र जमा करके जानकारी दी कि वे अब इस मामले को अदालत के बाहर सुलझाना चाहते हैं. लगता है कि यह कदम फिल्म की रिलीज में हो रही देरी को कम करने और सेंसर बोर्ड के साथ चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए उठाया है.
कानूनी विवाद की शुरुआत तब हुई थी, जब सेंसर बोर्ड ने फिल्म को रिलीज से ठीक पहले ‘रिवाइजिंग कमेटी’ के पास भेजने का निर्णय लिया था. केवीएन प्रोडक्शंस ने सेंसर बोर्ड के इस कदम को मनमाना बताते हुए मद्रास हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. शुरुआती सुनवाई में कोर्ट ने निर्माता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बोर्ड को निर्देश दिया था कि जरूरी बदलावों के बाद फिल्म को यू/ए (U/A) सर्टिफिकेट जारी किया जाए. हालांकि, अदालती आदेश के बावजूद फिल्म को अब तक सर्टिफिकेट हासिल नहीं हो सका है, जिसके कारण रिलीज को लेकर दुविधा बनी हुई है.
सेंसर बोर्ड के प्रोसेस को फॉलो करना चाहते हैं मेकर
फिल्म निर्माता की ओर से वकील विजयन सुब्रमणियन ने साफ कहा है कि केवीएन प्रोडक्शंस अब लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने के बजाय सेंसर बोर्ड के प्रोसेस का पालन करने को अहमियत दे रहा है. न्यूज18 इंग्लिश की रिपोर्ट के अनुसार, कोर्ट को सौंपे गए पत्र में कहा गया है कि वे फिल्म को बोर्ड की रिवाइजिंग कमेटी के सामने दोबारा पेश करने के लिए तैयार हैं. यह मामला मंगलवार 10 फरवरी को जस्टिस पीडी आशा की पीठ के सामने आने की संभावना है, जहां याचिका वापस लेने की औपचारिक अनुमति मांगी जाएगी. निर्माता को उम्मीद है कि इस प्रोसेस से फिल्म को जल्द ही हरी झंडी मिल जाएगी.
फैंस को नई रिलीज डेट का इंतजार
सेंसर बोर्ड भी इस मामले में काफी सतर्क नजर आ रहा है. बोर्ड ने पहले ही सुप्रीम कोर्ट में एक ‘कैविएट’ दाखिल कर रखी है, ताकि फिल्म की रिलीज के संबंध में उनका पक्ष सुने बिना कोई एकतरफा आदेश पारित न हो सके. हालांकि न तो बोर्ड और न ही फिल्म की टीम ने अब तक कोई पब्लिक बयान जारी किया है, लेकिन याचिका वापस लेने के फैसले से यह संकेत मिलता है कि ‘जन नायकन’ की रिलीज का रास्ता जल्द साफ हो सकता है. विजय के फैंस अब इस प्रोसेस के पूरा होने और फिल्म की नई रिलीज डेट के ऐलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें



